
आशुतोष पांडेय की रिपोर्ट
जनपद गोरखपुर के विकासखंड खोराबार के लक्ष्मीपुर झंगहा स्थित गौतम बुद्ध विकास शिक्षण संस्थान में पढ़ने वाले सैकड़ों बच्चों की सुरक्षा इन दिनों गंभीर खतरे में है। विद्यालय परिसर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन तथा परिसर में स्थापित ट्रांसफार्मर किसी बड़े हादसे को खुला निमंत्रण दे रहे हैं। चिंताजनक बात यह है कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
विद्यालय के निदेशक विकास कुमार राव ने रविवार को मुख्यमंत्री जनसुनवाई केंद्र गोरखनाथ पहुंचकर शिकायत पत्र सौंपते हुए विद्यालय परिसर से ट्रांसफार्मर एवं हाईटेंशन लाइन को तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष से लगातार प्रशासन और विद्युत विभाग से गुहार लगाई जा रही है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर हमेशा चिंता बनी रहती है।
विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि बरसात और तेज हवाओं के दौरान खतरा और बढ़ जाता है। यदि किसी कारणवश तार टूट जाए या ट्रांसफार्मर में कोई तकनीकी खराबी आ जाए तो बड़ी जनहानि हो सकती है। विद्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं अध्ययन करने आते हैं, जिनकी सुरक्षा सर्वोपरि है।
इस संबंध में उपखंड अधिकारी चौरी-चौरा पंकज कुमार गुप्ता तथा अवर अभियंता ओमप्रकाश पासवान ने बताया कि विद्यालय प्रबंधन द्वारा आवश्यक भूमि उपलब्ध कराने और अनुमानित व्यय जमा करने के बाद ट्रांसफार्मर एवं विद्युत लाइन को स्थानांतरित किया जा सकता है।
उधर, स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों में विभागीय उदासीनता को लेकर नाराजगी है। उनका कहना है कि क्षेत्र में ट्रांसफार्मर और हाईटेंशन लाइन से जुड़े हादसे पहले भी हो चुके हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी संभावित दुर्घटना से पहले ही विद्यालय परिसर से हाईटेंशन लाइन और ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित कराया जाए।