60 घंटे से बिजली गुल, होने से महादेवा जंगल के कुछ उपभोक्ता परेशान; शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान

चौरीचौरा थाना क्षेत्र के महादेवा जंगल में बिजली आपूर्ति बाधित होने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार क्षेत्र के कुछ घरों में पिछले लगभग 60 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप है, लेकिन बार-बार शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका है। वहीं पर ग्रामीणों का कहना है कि जिस ट्रांसफार्मर से संबंधित उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती थी, वह खराब हो गया है। इसके बाद से क्षेत्र के कई परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।उपभोक्ताओं का आरोप है कि उन्होंने विभागीय अधिकारियों से कई बार संपर्क किया और शिकायतें भी दर्ज कराईं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। लोगों का कहना है कि शासन स्तर पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर इन निर्देशों का पालन होता नहीं दिख रहा है।महादेवा जंगल निवासी हुकुम चंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने 2 जून और 3 जून को भी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि लगातार बिजली न मिलने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।इस संबंध में संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को ठीक कराने का प्रयास किया जा रहा है। यदि मरम्मत संभव नहीं हुई तो नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा। हालांकि समाचार लिखे जाने तक विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी।स्थानीय लोगों ने विभाग के उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप कर जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है। वहीं लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच लंबी बिजली कटौती से लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।