सरदारनगर के युवाओं के लिए अब माय भारत के माध्यम से अवसरों और संभावनाओं के नए द्वार खोलने की तैयारी है। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 17 जुलाई को आयोजित माय भारत के राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक प्रशिक्षण एवं क्षमता संवर्धन कार्यक्रम में सरदारनगर ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करने वाले राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा ने क्षेत्र के 3000
बच्चों और युवाओं को माय भारत से जोड़ने का संकल्प लिया है। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि तथा उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। केंद्रीय मंत्री ने राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों से अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम 3000 बच्चों को प्रेरित कर माय भारत पोर्टल से जोड़ने का आह्वान किया। उनके इस आह्वान से प्रेरित होकर सचिन गौरी वर्मा ने सरदारनगर में व्यापक अभियान चलाने का निर्णय लिया है। इस राष्ट्रीय कार्यक्रम में सचिन गौरी वर्मा के साथ उनकी सहयोगी पल्लवी जायसवाल ने भी सरदारनगर का प्रतिनिधित्व किया।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को नेतृत्व क्षमता, क्षमता विकास, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया। सचिन गौरी वर्मा ने कहा कि माय भारत युवाओं को केवल अवसरों से जोड़ने का मंच नहीं, बल्कि उन्हें नेतृत्व, सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि सरदारनगर के अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को माय भारत से जोड़कर उन्हें उपलब्ध अवसरों और गतिविधियों का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के इस कार्यक्रम में सरदारनगर का प्रतिनिधित्व करने पर सचिन गौरी वर्मा और पल्लवी जायसवाल को क्षेत्र के युवाओं एवं शुभचिंतकों ने बधाई दी।