गंगा प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज में माय भारत अभियान की गूंज, सचिन गौरी वर्मा के नेतृत्व में हुआ जागरूकता कार्यक्रम

प्रधानाचार्य हीरालाल को पत्र देती माय भारत की इंटर्न।

चौरी चौरा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत के राष्ट्रव्यापी गहन पंजीकरण अभियान एवं तिरंगा क्विज़ के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से गंगा प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज, चौरी-चौरा में एक प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा ने किया। इस दौरान माय भारत की इंटर्न रितिका सिंह, मनीषा, सोनिका, सन्नो, नताशा एवं रौनक ने छात्र-छात्राओं को माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण, तिरंगा क्विज़ में सहभागिता तथा युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही विद्यार्थियों से अधिक से अधिक संख्या में इस राष्ट्रीय अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यह भी घोषणा की गई कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय की छात्राओं द्वारा भारतीय सेना के वीर जवानों के लिए अपने हाथों से निर्मित राखियां एवं भावनात्मक संदेश-पत्र (लेटर) तैयार कर सीमा पर तैनात सैनिकों को भेजे जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य देश की रक्षा में समर्पित सैनिकों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और स्नेह व्यक्त करना है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य हीरा लाल, शिक्षक संजीव श्रीवास्तव सहित विद्यालय के अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। सभी ने इस अभियान की सराहना करते हुए इसे युवाओं में राष्ट्रभक्ति, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा ने कहा कि उनके लिए यह अवसर अत्यंत भावनात्मक और गौरवपूर्ण है, क्योंकि उन्होंने अपनी हाई स्कूल की शिक्षा इसी गंगा प्रसाद स्मारक इंटर कॉलेज से प्राप्त की थी। उन्होंने बताया कि माय भारत की इंटर्न रितिका सिंह, मनीषा, सोनिका, सन्नो, नताशा एवं रौनक इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे है। अपने ही विद्यालय में लौटकर राष्ट्र निर्माण से जुड़े इस महत्वपूर्ण अभियान का संचालन करना उनके लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।
ज्ञात हो कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा देशभर में माय भारत गहन पंजीकरण अभियान एवं तिरंगा क्विज़ का व्यापक आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक युवाओं को माय भारत प्लेटफ़ॉर्म से जोड़कर राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

आशुतोष कुमार पाण्डेय की खास रिपोर्ट।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *