हनुमंत धाम में गूंजा राम नाम, भजनों की धुन पर झूमे भक्त; महाप्रसाद के लिए उमड़ी आस्था की भीड़

आशुतोष कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट 

बड़े मंगल के पावन अवसर पर सरैया सरदारनगर स्थित श्री हनुमंत धाम हनुमान मंदिर में भक्ति और श्रद्धा का अनुपम संगम देखने को मिला। सुंदरकांड पाठ, भजन संध्या और विशाल भंडारे के आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। मंदिर परिसर में देर रात तक राम नाम की गूंज सुनाई देती रही और श्रद्धालु भजनों की धुन पर झूमते नजर आए।


श्रद्धालु जितेंद्र कसौधन के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड पाठ से हुई। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन गायक पवन सिंह गोरखपुरी ने “तू बुलाती रहे मैं आता रहूं”, “वीर हनुमान राम का दीवाना” और “राम नाम जपियो रे” जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं भजन गायक धर्मेंद्र मृदुल ने “कोई आया सखी फुलवरिया में” तथा “सीताराम चरित अति पावन, तुलसी करते गायन” जैसे भजनों से भक्ति रस की अविरल धारा बहाई।
भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालु जय श्रीराम और जय बजरंगबली के जयघोष लगाते रहे। वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। कार्यक्रम के समापन पर आयोजित भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने पूड़ी, सब्जी और बूंदी का महाप्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।


इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष रमा निवास पांडेय, प्रेस क्लब अध्यक्ष राज अनंत पांडेय, चंद्रदेव उपाध्याय, वीरेंद्र कसौधन, अजीत उपाध्याय, चंद्रभूषण ओझा, रमेश तिवारी, राकेश उपाध्याय, राधेश्याम दूबे, पिंटू राय, राजेंद्र कसौधन, राजीव गुप्ता, सुरेंद्र कसौधन, महेश कसौधन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *