
आशुतोष कुमार पाण्डेय की रिपोर्ट
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित माय भारत केंद्र, गोरखपुर द्वारा राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा के नेतृत्व में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों के वीर जवानों के सम्मान में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में भव्य देशभक्ति पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गय

यह कार्यक्रम नेहरू स्मारक बालिका इंटर कॉलेज, महादेव प्रसाद इंटर कॉलेज (चौरी चौरा) तथा सरस्वती बालिका विद्यालय, गोरखपुर में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। तीनों विद्यालयों की लगभग 1000 से अधिक छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करते हुए अपनी पेंटिंग्स के माध्यम से भारतीय सेना के अदम्य साहस, कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त रूप से अभिव्यक्त किया। छात्राओं की रचनात्मकता और देशप्रेम से ओत-प्रोत कलाकृतियों ने उपस्थित सभी लोगों को भावुक एवं गौरवान्वित कर दिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक सचिन गौरी वर्मा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल भारत की ऐतिहासिक सैन्य विजय का प्रतीक नहीं, बल्कि उन अमर वीर सैनिकों के अदम्य साहस, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने का पावन अवसर है, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा भावना एवं देश के प्रति उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं।

सचिन गौरी वर्मा ने बताया कि यह भव्य आयोजन जिला युवा अधिकारी गोरखपुर सीमा पाण्डेय के मार्गदर्शन तथा विद्यालयों की प्रधानाचार्य सुनीता सिंह एवं संजय जायसवाल के विशेष सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने सभी विद्यालय परिवारों, शिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से ही यह अभियान जनपद स्तर पर इतना सफल और प्रेरणादायी बन सका।

कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय में ज्योति, कीर्ति, अंकिता, मनीषा, रितिका सिंह, सपना, काजल, तान्या, श्रेया, रितिका मणि, सोनिका, सन्नो, नताशा, खुशबू, रौनक, गीता एवं अंशिका ने स्वयंसेवक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी स्वयंसेवकों के समर्पण एवं सहयोग से प्रतियोगिता का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन संपन्न हुआ।

इसी अवसर से भारतीय सैनिकों के लिए रक्षाबंधन विशेष ‘राखी एवं धन्यवाद-पत्र संग्रह अभियान’ का भी शुभारंभ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों की छात्राएं अपने हाथों से बनाई गई राखियां एवं भारतीय सैनिकों के नाम धन्यवाद एवं शुभकामना संदेश लिखकर संग्रहित करेंगी। इन सभी राखियों एवं पत्रों को रक्षाबंधन से पूर्व देश की सीमाओं पर तैनात वीर सैनिकों तक भेजा जाएगा, ताकि देश की बेटियों का स्नेह, सम्मान और शुभकामनाएं सीमा पर राष्ट्र की रक्षा कर रहे जवानों तक पहुँच सकें।

माय भारत केंद्र, गोरखपुर की इस पहल ने कारगिल विजय दिवस को केवल एक स्मृति दिवस तक सीमित न रखकर छात्राओं में राष्ट्रभक्ति, वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता की भावना को सशक्त रूप से जागृत करने का कार्य किया। यह आयोजन जनपद में देशभक्ति, सामाजिक सहभागिता और युवा जागरूकता का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर उभरा।